ज्ञानपुर (भदोही)।
अभी तक महानगरों में दिखने वाली मिनी रोडवेज बसें आपके गांव में दिखेंगी। जल्द ही जिले के 400 गांवों में आम लोगों की सुविधाओं के लिए रोडवेज बसें चलनी शुरू हो जाएंगी। परिवहन विभाग के सर्वे रिपोर्ट पर राज्यपाल की मंजूरी मिल गई है। मार्च 2018 से पूर्व यह बसें चलनी शुरू हो जाएंगी। करीब 200 किमी परिक्षेत्र से जुड़े हजारों लोग लाभान्वित होंगे। जीटी रोड समेत अन्य प्रमुख मार्गों के डेढ़ किमी दायरे में आने वाले गांवों में व्यवस्था प्रभावी नहीं होगी।
सूबे की योगी सरकार ने विस चुनाव में गांव-गांव रोडवेज बस चलाने के घोषणापत्र को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। सरकार बनने के बाद शासन ने गांवों को रोडवेज बस से जोड़ने के लिए सभी जिलों से सर्वे मंगाया था। अप्रैल-मई महीने में उप संभागीय परिवहन विभाग ने सर्वे कराकर रिपोर्ट भेजा था। 25 सितंबर को राज्यपाल के अनुसचिव रामाश्रय प्रसाद ने एआरटीओ भदोही को पत्र जारी कर योजना को प्रभावी बनाने के लिए कहा। पत्र आने के बाद परिवहन विभाग इसे प्रभावी बनाने में जुट गया है। जिले में रोडवेज बसों के संचालन से करीब 400 से अधिक गांव लाभान्वित होंगे। वहां के लोग इलाहाबाद, वाराणसी, कानपुर समेत अन्य महानगरों में पहुंचने के लिए परेशान नहीं होंगे। प्राइवेट बसों, टेंपो समेत अन्य सवारी वाहनों के चक्कर में उन्हें जूझना नहीं होगा। उप संभागीय परिवहन अधिकारी सत्येंद्र कुमार यादव ने कहा कि राज्यपाल कार्यालय से उन्हें पत्र मिल गया है। उसे प्रभावी बनाने की कवायद शुरू हो गई है। सरकार की इस योजना से ग्रामीण अंचल का विकास होगा। जिले में करीब 200 किमी परिक्षेत्र मिनी रोडवेज से संतृप्त होगा। 1217 राजस्व गांवों में 400 गांव लाभान्वित होंगे। आठ सौ गांवों में कई गांव ऐसे हैं, जो जीटी रोड, टू लेन के डेढ़ किमी परिधि के अंदर हैं। साथ ही कई गांव में संपर्क मार्ग नहीं बना है, जिससे उन गांवों को लाभ नहीं मिल सका है। द्वितीय सर्वे में ऐसे गांव को लाभान्वित किया जाएगा।
किन-किन मार्गों से होकर गुजरेगी रोडवेज
- संसारापुर-अकोढ़ा वाया बड़ागांव, भरतपुर, रोही
- जयरामपुर-असनांव बाजार
- भकोढ़ा-उगापुर वाया जागीपुर, कनेहरी
- सुरियावां-वहिदा मोड़ वाया मतेथू वाया वीरमपुर
- सुभाषनगर, दुर्गागंज-सरायकंसराय रेलवे स्टेशन
- कठौता-सुरियावां वाया दानूपुर मतेथू
- सुरियावां से निगोह बाजार,कटवार, वाया चौगना
- कटका पड़ाव से शिवदासपुर वाया गिर्दबड़गांव
- गोहिलांव, अठगोड़वा लखनसेनपुर
- कंधिया फाटक-बरदहां वाया मई हरदोपट्टी,-अमवां हरचंदनपुर
- ज्ञानपुर-जंगीगंज वाया नथईपुर, गोधना, सागररायपुर, गांधी
- चकपरौना जंगीगंज वाया गोपालपुर, सेमराध, नवाजीपुर, जंगीगंज
- मूंसीलाटपुर-ताल सुपैया वाया नगुआं