ज्ञानपुर (भदोही)। कोतवाली क्षेत्र गोसाईंदासपुर गांव में शनिवार सुबह रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों से तीन-चार लोग घायल हो गए। घायलों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों पर केस दर्ज कराने की बात कही, लेकिन उनकी सुनवाई न हुई। इससे नाराज घायल युवक कोतवाली के सामने सड़क पर लेटकर सड़क जाम करने लगे। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
गोसाईंदासपुर गांव में गत कई दशक से आने-जाने के लिए एक रास्ता है। गांव के एक व्यक्ति का कहना है कि वह आने-जाने के लिए अपनी भूमिधरी में रास्ता बनवाया है। आरोप है कि शनिवार को रास्ता बंद करने पर दो पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से लाठी-डंडे का प्रयोग किया गया। इसमें राकेश सिंह, समर बहादुर सिंह, संजय सिंह घायल हो गए। राकेश सिंह ने बताया कि थाने पर पहुंचने के बाद मुंसी ने उनका मुकदमा दर्ज नहीं किया। आरोप है कि एक भाजपा नेता के दबाव में उनकी बात नहीं सुनी गई। विरोध करने की खबर मिलने पर कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह पहुंच गए। उन्होंने तहरीर मिलने पर पूर्व प्रधान कक्कू सिंह, शंकर यादव, सुनील, कमलेश यादव, सोनू समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू हो गई। कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह ने कहा कि चकवां में नहर में पलटी बोलेरो को निकलवाने के लिए गया था। मारपीट की खबर मिलने पर थाने आकर त्वरित मुकदमा दर्ज कराया गया। वहीं, दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया।