ज्ञानपुर। शुक्रवार कलेक्ट्रेट सभागार में े प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने योजना में अधिकाधिक लोगों का पंजीयन कराने का निर्देश दिया है। इस योजना में अब तक 350 श्रमिकों का पंजीयन किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने कहा कि 15 हजार से कम मासिक आय एवं 18 से 40 वर्ष के मध्य वाले व्यक्ति इस योजना के तहत अपना पंजीकरण करा लें। ग्राम विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों के मानदेयकर्मी भी योजना में पंजीकरण करा सकते हैं। सरकार की यह योजना कमजोर वर्ग के लोगों के लिए बेहतर है। वृद्धावस्था में सरकार तीन हजार प्रतिमाह पेंशन देगी। सहायक विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी ब्लॉक स्तर, स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मी का सीएमओ, सीएचसी प्रभारी जबकि आंगनबाड़ी का सीडीपीओ शिविर लगाकर पंजीकरण कराएं। इस मौके पर समाज कल्याण अधिकारी मीना श्रीवास्तव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, राम निवास, शशिकांत और प्रतिमा मौर्य, खंड शिक्षा अधिकारी नीरज श्रीवास्तव, वीरेंद्र यादव, राम विलास बिंद, इंद्रजीत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।