भदोही। अहमदगंज गजिया में ठप पड़े रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण को लेकर शुरू हुई सियासत को भारतीय कल्याण समिति ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। बुधवार को समिति के अध्यक्ष हाजी शाहिद हुसैन ने प्रेस वार्ता कर कहा कि आरओबी का 70 प्रतिशत निर्माण हो चुका है। अब उसके मूल स्वरूप से छेड़छाड़ करना उचित नहीं है।
भाकस अध्यक्ष ने कहा कि गजिया आरओबी को जरूरत के अनुसार बनाना है। चौरी रोड की ओर घुमाने से उद्देश्यों की पूर्ति नहीं होगी। कहा कि यदि किसी को इंदिरा मिल चौराहे की ओर जाना होगा तो उसके लिए रजपूरा चौराहे से जाना उचित होगा। उसे अहमदगंज तक आने की आवश्यकता नहीं होगी। कहा कि भारतीय कल्याण समिति शासन से प्रभावित हो रहे लोगों को अधिक से अधिक मुआवजा देने की मांग करती है साथ ही उनके पुनर्वास में सहयोग का हिमायती है। कहा कि यदि प्रभावितों की बात होगी तो देश में अधिसंख्य सड़केें बनी हैं। सबने किसी न किसी को प्रभावित किया है। इसलिए नगर के विकास में बाधा पहुंचाने का काम नहीं होना चाहिए।