सीतामढ़ी। सरकारी क्षेत्र की संचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की संचार सेवाएं बेपटरी हो जाने से उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थिति यह है की लगभग आधे जनपद की मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं रविवार से ही ठप हैं। इससे बीएसएनएल के उपभोक्ताओं के मोबाइल खिलौना बन गए हैं।
नेटवर्क में खराबी आने से मोबाइल उपभोक्ताओं के साथ बैंकों के सर्वर काम नहीं कर पा रहे हैं। बैंकिंग सेवाएं निजी कंपनियों के नेटवर्क से जैसे-तैसे चल रही हैं। बीएसएनएल की मोबाइल सेवा और मोबाइल की इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से ध्वस्त है। बताते हैं कि खराब नेटवर्क और खस्ता हाल सेवाओ के चलते कंपनी से उपभोक्ताओं का मोह भंग होने लगा है और बड़ी संख्या में बीएसएनएल उपभोक्ताओं का रुझान निजी कंपनियों की ओर हो गया। उपभोक्ता संख्या ने भारी गिरावट से कंपनी के रेवेन्यु में बहुत अधिक कमी आ गई है। जिले में संचार सेवाओं का बुरा हाल है। अक्सर नेटवर्क में समस्याओं से लोग परेशान रहते हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों को कंपनी की सेवाओं और बचे खुचे उपभोक्ताओं की समस्या समाधान की कोई परवाह नहीं है। सीतामढ़ी, कोइरौना, जंगीगंज, सेमराध, बेरवा पहाड़पुर, कटरा, धनतुलसी, सुभाष नगर सहित कई दूरभाष केंद्रों और मोबाइल बीटीएस से नेटवर्क बंद है। ग्रामीण अंचलों में निजी क्षेत्र की संचार कंपनी एयरटेल मोबाइल सेवा का भी बुरा हाल है काल ड्रॉप और नेटवर्क में खराबी से उपभोक्ताओं की जेबे ढीली हो रही है। पीक ऑवर में तो उपभोक्ताओं को फोन लगाने में नाकों चने चबाने पड़ते है। किसी तरह फोन कनेक्ट होने के बावजूद अगले कुछ सेकेंडो में ही काल ड्रॉप हो जाती है। इसी तरह आवाज अस्पष्ट और एक-एक तरफ ही सुनाई पड़ना आम बात है।