भदोही। भदोही विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी ने कहा है कि आनंद नगर गजिया का रेलवे ओवरब्रिज बनेगा और उसे रोकने की उनकी कोई मंशा नहीं है। उनकी मंशा है कि जिन लोगों के मकानों के चिह्नांकित किए गए हैं, उन्हें उचित मुआवजा मिले। उन्होंने कहा कि वे आरओबी को अजिमुल्लाह चौराहे तक ले जाने का विचार कर रहे हैं, क्योंकि ऐसा किए बगैर उसका समुचित लाभ लोगों को नहीं मिलेगा। विधायक सोमवार की शाम पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल के आवास पर नगर की कुछ समस्याओं पर विचार व्यक्त कर रहे थे।
विधायक ने कहा कि आरओबी का निर्माण तो होना है। लेकिन, उत्तरी छोर पर इसे लिप्पन तिराहे से भी आगे अजिमुल्लाह चौराहे तक लाए जाने की संभावना तलाशना जरूरी है। कहा कि सपा सरकार में इसे लिप्पन तिराहे तक उतारने की योजना थी लेकिन तब जाम की समस्या ज्यों कि त्यों रह जाएगी। इसलिए वे इसे अजिमुल्लाह चौराहे ले जाना चाना उचित समझते हैं। उन्होंने लोगों को उचित मुआवजा दिलाने के बाद ही कोई कदम उठाया जाएगा। बैठक में पालिकाध्यक्ष ने भदोही नगर में कूड़ा निस्तारण केंद्र निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने में सहयोग मांगा। इस पर विधायक ने तहसीलदार रामजी से फोन पर बात भी की। तहसीलदार ने उनसे कुछ समय मांगा। इसके अलावा चेयरमैन ने पालिका क्षेत्र में तीन नलकूप की स्थापना के लिए भी भूमि उपलब्ध कराने की विधायक से मांग की। विधायक ने कहा कि शीघ्र ही इस पर तहसील के अधिकारियों संग बैठक कर भूमि तलाशने की बात करेंगे। बैठक में सभासद गुलाम संजरी, हसीब खां, दानिश सिद्दीकी, करुणा शंकर दूबे, विनीत बरनवाल, रवींद्र दूबे, शिवशंकर यादव, प्रिंस गुप्ता, सतीश गांधी, सुभाष मौर्य, गिरधारी जायसवाल, अमित जायसवाल, अजय सिंह, अजय दूबे, अशोक पाल, अरविंद मौर्य, प्रभु सेठ, राहुल कश्यप आदि उपस्थित रहे।