ज्ञानपुर। औराई क्षेत्र के चकनिरंजन गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर ग्राम प्रधान और कोटेदार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। इस मामले में डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि प्रधान की मिलीभगत से कोटेदार पात्र कार्डधारकों को राशन न देकर कालाबाजारी करते हैं। चकनिरंजन गांव के कोटेदार के खिलाफ बुधवार को दर्जन भर से अधिक ग्रामीण कलेक्ट्रेट पर लामबंद होकर प्रदर्शन करने लगे। कहा कि कोटेदार कार्ड धारकों को अनाज न देकर खुले बाजार में बेच देता है। ग्राम प्रधान से शिकायत करने पर वह कोटेदार का ही पक्ष लेते हैं। वहीं कोटेदार से राशन की मांग करने पर तरह-तरह के बहाने बताकर हटा दिया जाता है और विरोध करने पर लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो जाता है। आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंग किस्म के लोगों को मिलाकर विरोध करने वालों को धमकाते हैं। इसके लेकर संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बुधवार को डीएम को प्रार्थना पत्र देकर कोटेदार और ग्राम प्रधान के खिलाफ जांच कराने की मांग की। इस मौके पर सुधाकर उपाध्याय, प्रेमशंकर, विजय शंकर, हृदय शंकर, जिलाजीत, गणेेश, रामबहादुर, गुलाब, सतीश, जितेंद्र आदि रहे।
उधर इस मामले में ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार उपाध्याय और कोटेदार शांति देवी ने प्रदर्शनकारियों के आरोपों को गलत बताया। कहा कि अनाज की पात्रता सूची में नाम नहीं होने के कारण उन्हें राशन नहीं दिया जाता है। इसके विरोध में साजिशन बेबुनियाद आरोप लगाकर दबाव बनाया जा रहा है।