ज्ञानपुर (भदोही)।
काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर में अध्यनरत छात्र-छात्राएं अब निर्धारित यूनिफार्म पहनकर ही महाविद्यालय में प्रवेश कर सकेंगे। यूनिफार्म को लेकर महाविद्यालय प्रशासन सख्त हो गया है।
महाविद्यालय में 25 अक्टूबर से यूनिफार्म में ही विद्यार्थी प्रवेश कर सकेंगे। जो छात्र-छात्रा यूनिफार्म नहीं पहनकर आएंगे, उन्हें महाविद्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने विगत पांच अक्टूबर से ही निर्धारित यूनिफार्म पहनकर विद्यार्थियों को कालेज आने को कहा था। मगर छात्र-छात्राओं ने इस आदेश की अवहेलना की। अब भी बिना यूनिफार्म ही महाविद्यालय में आ रहे हैं। आदेश का पालन नहीं होने से महाविद्यालय प्रशासन ने सख्त रवैया अपना लिया है। बिना यूनिफार्म प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। महाविद्यालय प्रशासन के इस आदेश से छात्र-छात्राओं में खलबली मच गई है। छात्र-छात्राओं ने कहा कि स्कूलों में ही ड्रेस कोड लागू होना चाहिए। महाविद्यालय में ड्रेस कोड का कोई औचित्य नहीं है। महाविद्यालय प्रशासन जबरदस्ती विद्यार्थियों पर ड्रेस कोड थोप रहा है। इसका विरोध किया जाएगा। प्राचार्य डा. रमेशचंद्र यादव ने कहा कि एकरूपता के लिए ड्रेस कोड को लागू किया गया है। साथ ही इससे बाहरी उपद्रवी तत्व महाविद्यालय में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। इससे महाविद्यालय परिसर में शांति और अनुशासन बनाने में मदद मिलेगी। कहा कि 25 अक्टूबर से सभी छात्र और छात्राओं को निर्धारित यूनिफार्म में ही महाविद्यालय में प्रवेश करने दिया जाएगा। बिना यूनिफार्म वाले विद्यार्थियों को कालेज गेट से ही वापस कर दिया जाएगा।