ज्ञानपुर। जिले के डाकघरों में लापरवाही को लेकर की गई शिकायत को सेेंट्रल विजिलेंस कमीशन ने डाक विभाग के विजिलेंस अधिकारी को एक माह के अंदर जांच करने का निर्देश दिया। जांच शुरू हुई तो डाकघरों में काम करने वाले लापरवाह कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ सकती है।
केंद्र सरकार डाकघरों को हाईटेक करने के लिए नई-नई योजनाओं से उसे जोड़ रही है लेकिन कर्मचारी अब भी पुराने ढर्रे पर काम कर रहे हैं। जिले में ज्ञानपुर और भदोही के मुख्य डाकघर समेत करीब 15 डाकघर हैं। कामकाज को बेहतर ढंग से निपटाने के लिए नियमित के अलावा संविदा पर कर्मचारी को रखा गया है। गोपीगंज, खमरिया, जंगीगंज समेत कुछ डाकघरों में कर्मचारी अक्सर अवकाश पर रहते हैं। 15 मार्च 2017 को आरटीअई कार्यकर्ता विभूति नारायण दूबे ने सेंट्रल विजिलेंस कमीशन के मुख्य सतर्कता आयुक्त को पत्र भेजकर आरोप लगाया था कि जिले के डाकघरों में कर्मचारी काम के प्रति लापरवाही बरतते हैं। जिससे डाकघर से जुड़े उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गोपीगंज डाकघर में अक्सर अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों की शिकायत अधीक्षक वाराणसी से करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सेंट्रल विजिलेंस कमीशन के अनुभाग अधिकारी परितोष सरकार ने 19 मई को शिकायर्ता को पत्र भेजकर जांच कराने का आश्वासन दिया। कहा कि मुख्य सतर्कता अधिकारी डाक को एक माह के अंदर सभी डाकघरों की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।