औराई। भदोही-मिर्जापुर रोड पर कोतवाली क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर अंधा मोड़ के पास शुक्रवार की रात अनियंत्रित कार के मकान में टकरा जाने से परखचे उड़ गए। मकान भी काफी हद तक ध्वस्त हो जाने से लाखों का नुकसान हुआ है। जबकि कार सवार सभी लोगों के बाल-बाल बच जाने से बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना को लेकर आस-पास के लोगों में पूरी रात अफरातफरी मची रही।
जौनपुर से पांच लोगों को बैठाकर मिर्जापुर की ओर जा रही कार रात लगभग एक बजे उक्त स्थान पर पहुंची थी कि चालक अपना संतुलन खो बैठा और अनियंत्रित होकर कार सुरेश कुमार उपाध्याय, महेंद्र कुमार उपाध्याय, संतोष कुमार उपाध्याय के रिहायशी मकान में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर जोरदार होने के कारण मकान के आगे का हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। संयोग ही था कि गर्मी के कारण परिवार के लोग अन्य कमरों में सो रहे थे नहीं तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। लोगों का मानना है कि उक्त स्थान पर सड़क घुमावदार है और औराई से मिर्जापुर एवं राजमार्ग स्थित कोठरा से आने वाले वाहनों की गति इतनी तेज होती है कि अंधे तिराहे पर पहुंचते ही चालकों को यह समझ में नहीं आता कि वह किस ओर जाएं। उसी के चक्कर में वाहनों का एक-दूसरे से टकराव एवं सड़क किनारे बने रिहायशी मकानों में नियंत्रण खोकर टकरा जाते हैं। इतना ही नहीं छह माह पहले एक ट्रक अनियंत्रित होकर उसी मकान में जा भिड़ा था और मकान क्षतिग्रस्त हो गया था।
लोक निर्माण विभाग की अनदेखी बन रहा कारण
औराई। कार के दुर्घटनाग्रस्त होने और मकान के ध्वस्त होने की भनक जैसे ही लोगों को लगी, बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। उनका कहना था कि मिर्जापुर के निर्माण समय लोक निर्माण विभाग की अनदेखी घटनाओं का कारण साबित हो रही हैं। सब कुछ जानते हुए भी उक्त अंधे तिराहे पर न तो ब्रेकर बनवाए जा रहे हैं और न ही गति को कम करने वाले स्टीकर। यदि विभाग बढ़ रहे हादसों को संज्ञान में लेकर ब्रेकर व स्टीकर लगवा दे तो वाहन चालकों और वाहनों में सवार परिवारीजनों को राहत मिलने लगेगी।