ज्ञानपुर। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस के लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें लंबित मामलों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर जिले के सभी ब्लॉकों के छह एडीओ पंचायत को प्रतिकूल टिप्पणी जारी की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआएस प्रकरण मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान लंबित प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर सहायक विकास अधिकारी सुरियावां, अभोली, डीघ, ज्ञानपुर, औराई और भदोही को प्रतिकूल टिप्पणी दी गई। साथ ही जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को फटकार लगाई। प्रकरण में नगर पालिका भदोही के अधिशासी अधिकारी को भी फटकार लगाई। कहा कि आईजीआरएस प्रकरण में जिले की रैंकिग खराब है। अधिकारी इसको गंभीरता से लें अन्यथा सख्ती बरती जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोर्टल को नियमित रूप से खोलें। साथ ही डिफॉल्टर संदर्भ के प्रकरणों को गंभीरता से लें। डिफॉल्टर के प्रकरणों का निस्तारण न करने वाले अधिकारियों से कहा कि दो दिन के अंदर निस्तारण कर सूचना दें अन्यथा वेतन रोक दिया जाएगा।