ज्ञानपुर (भदोही)।
कृषक ऋण मोचन योजना के तहत कृषकों के आधार कार्ड लिंक की प्रगति कम होने पर बुधवार को जिलाधिकारी विशाख जी ने स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया, यूनियन बैंक ऑफ जंगीगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान आधार फीडिंग कम होने पर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि आठ सितंबर तक सभी कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
एसबीआई के शाखा प्रबंधक से कहा कि जनपद में अभी तक इस बैंक के आधार फिडिंग का कार्य बहुत खराब है, जो गंभीर विषय है। शाखा प्रबंधक से कहा कि आठ सितंबर तक आधार फीडिंग का कार्य प्रत्येक दशा में करा दे, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही यूनियन बैंक जंगीगंज के शाखा प्रबंधक को हिदायत देते हुए कहा कि दो दिन में आप ने कोई आधार लिकिंग का कार्य नहीं कराया गया है, जो गंभीर विषय है। जो भी आधार डेटा आप के पास है, उसको तत्काल फीड कराएं। इसकी मॉनीटरिंग को डीएम ने एलडीएम से कहा। यूबीआई शाखा कोईरौना, धनतुलसी का निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कृषकों से ऋण मोचन योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए अपने संबंधित तहसील और जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम में अंकित दूरभाष नंबरों पर संपर्क कर उसे दर्ज कराने की अपील की। इसके साथ ही किसानों से भी अपील की कि जिन किसान भाइयों ने बैंक से फसली ऋण लिया है। वे कल सायं तक अपना आधार कार्ड बैंक में जमा कर दें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह, एलडीएम एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।