ऊंज/सुभाषनगर (भदोही)।
जीटी रोड पर ऊंज में शुक्रवार की रात वध के लिए कंटेनर में ठूंसकर ले जाए जा रहे 32 मवेशियों को पुलिस ने बरामद किया। साथ ही चार पशु तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौरान तस्करों ने पुलिसकर्मियों के ऊपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। उनके खिलाफ हत्या का प्रयास और पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
हाईवे पर मवेशियों की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस भले ही इसे रोकने का दावा करती है लेकिन हकीकत इसके उलट है। इसकी एक बानगी शुक्रवार रात को देखने को मिली। चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर ऊंज एसओ सुनील कुमार वर्मा ने मय टीम एक कंटेनर को रोकने की कोशिश की। इस पर कंटेनर चालक ने पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर कंटेनर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसमें 32 भैंस और पड़वा बरामद किए गए। उसमें सवार तस्कर अख्तर पुत्र छेद्दा निवासी रयाबुजुर्ग निवासी संभल, गुलाम कुरैशी पुत्र उमर निवासी बरनावा बागपत, मुन्ना कुरैशी निवासी बरनावा बागपत और जयदेव जाटव पुत्र होशियार निवासी सेवरा संभल को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। गिरफ्तारी टीम में इंद्रप्रताप यादव, विष्णुकांत मिश्रा, आलोक मिश्रा, कमलेश कुमार, गोविंद आदि रहे।