भदोही। केंद्र सरकार की उज्जवला योजना के तर्ज पर प्रदेश सरकार ने गरीबी रेखा ने नीचे जीवन यापन कर रहे शहरियों को नि:शुल्क विद्युत कनेक्शन देने की योजना शुरू की है। इस योजना का शुभारंभ रविवार को नगर के दो स्थानों पर कैंप लगाकर गरीबों को निशुल्क कनेक्शन दिया जाएगा। इस बाबत अधिशासी अभियंता बालक राम ने बताया कि शासन ने चार बिंदु मानक तय किए हैं।
एक्सईएन ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत 25580 रुपये वार्षिक से कम आय वाले, उज्जवला याजना में चयनित लाभार्थी, गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे सरकार के आवासीय योजनाओं के आवंटी अथवा तहसील या जिलाधिकारी द्वारा जारी गरीबी रेखा के नीचे के प्रमाण पत्र धारक नि:शुल्क विद्युत कनेक्शन पाने के हकदार होंगे। उन्होंने साफ किया केवल विद्युत कनेक्शन ही नि:शुल्क है। बिजली इस्तेमाल का अलग से भुगतान करना होगा। उन्होंने बताया कि रविवार को एक कैंप सिविल लाइन स्थित विभागीय कार्यालय पर तथा दूसरा नईबाजार में ईदगाह के पास सुबह 9 बजे से लगाया जाएगा। इस शिविर का शुभारंभ विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी करेंगे। शहर में शनिवार को नईबाजार, मर्यादपट्टी, मामदेवपुर, इंदिरा मिल, पचभैया आदि स्थानों पर जाकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को योजना के बारे में जानकारी दी और इसका लाभ उठाने की अपील की।