ज्ञानपुर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान योजना कर्मचारियों की लापरवाही से परवान नही चढ़ पा रही है। जिसके चलते कई गरीबों को इस योजना के लाभ से वंचित होना पड़ रहा है। जिला चिकित्सालय में संचालित आयुष्मान योजना कक्ष का ताला नहीं खुलने से आवेदन के लिए पहुंच रहे लाभार्थियों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। इससे आवेदनकर्त्ताओं में रोष है।
पैसे के अभाव में किसी मरीज की जान न जाए, इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से आयुष्मान योजना का शुभारंभ किया गया। जिसके लिए सरकार पांच लाख तक की नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है, जिसके पंजीयन के लिए महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में आयुष्मान कर्मचारी को तैनात किया गया। चिकित्सालय प्रशासन की लापरवाही के चलते कक्ष मेें ताला लगा आए दिन आयुष्मान कर्मचारी गायब रहता है। जिससे दूर दराज से पंजीयन के लिए आने वाले लोगों को बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है। सोमवार को जिले के अलग-अलग जगहों से आईं कमला देवी, उबेदार, सुलेखा देवी, रामप्रसाद, त्रिलोकीनाथ, रेनूका देवी, जाहिद अख्तर समेत अन्य लोगों ने कहा की वह कई बार आ चुके लेकिन साहब नहीं मिले। अस्पताल के सीएमएस डॉ. धरमवीर ने कहा की उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। इस संबंध में कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी।