गोपीगंज। सेंट थॉमस स्कूल गोपीगंज में शनिवार को वार्षिक मेला एवं प्रदर्शनी प्रतिभा-2018 का भव्य आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने प्रोजेक्ट वर्क, स्टॉल आदि के जरिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शन करने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियां देकर अभिभावकों और आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का उद्धाटन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित गोपीगंज नगर पालिका चेयरमैन प्रहलाद दास गुप्ता ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ अतिरिक्त शैक्षणिक गतिविधियां व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। छात्र-छात्राओं ने मुख्य अतिथि का स्वागत रंगारंग नृत्य और गीत प्रस्तुत कर किया। विद्यालय के प्रबंधक सैम अब्राहम ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्रम एवं फूल देकर सम्मानित किया। विद्यालय की प्रदर्शनी में सभी विषय विभागों के बच्चों ने अपने मॉडलों का प्रदर्शन किया। इसमें गणित विभाग की ओर से मैजिक टेबल, अनंत कुआं, आभासी उड़ान, आर्टिफिशियल चाकू से काटकर रक्त निकालने का मॉडल प्रमुख रहे। भौतिक विभाग के छात्रों ने वाटर प्यूरीफिकेशन, डीसी करेंट आदि, इतिहास विभाग की ओर से हुमायूं का मकबरा और कला विभाग ने विभिन्न प्रकार के उत्कृष्ट मॉडलों का प्रदर्शन किया। मेले में छात्र-छात्राओं की बनाई टी-18 ट्रेन और क्रिसमस ट्री का मॉडल सर्वाधिक सराहा गया। मेले में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों के स्टॉल एवं मनोरंजक खेलों का भी प्रदर्शन किया। मेले में सेंट थॉमस स्कूल ज्ञानपुर के प्रधानाचार्य पालसन फिलिप भी मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य वृंदा सैम ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार प्रकट किया।