ज्ञानपुर। नहरों की साफ-सफाई में अब खानापूर्ति नहीं चलेगी। नहरों की सफाई के कार्य की निगरानी ड्रोन कैमरे से होगी। शुक्रवार को डीघ रजवाहा की सफाई के दौरान ड्रोन कैमरा लोगों के लिए चर्चा का विषय बना रहा। बड़ी संख्या में लोग कैमरे को देखने पहुंच गए। इससे मौके पर भीड़ जमा हो गई।
किसानों के लिए सिंचाई का मुख्य साधन नहरों को कहा जाता है। गत डेढ़ से दो महीने से नहर बंद होने से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नहरों की सफाई के लिए इस समय पानी को विभाग बंद कर देता है। महीने भर से हो रही नहरों की सफाई अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। डीघ, भदोही और ज्ञानपुर रजवाहा के विभिन्न माइनरों को साफ किया जा रहा है। शुक्रवार को नहर विभाग की टीम ने डीघ रजवाहा को साफ किया। सुबह से लेकर शाम तक जेसीबी से नहर में जमा सिल्ट और गंदगी को बाहर निकाला। अधिशासी अभियंता केएन जायसवाल ने कहा कि शासन के निर्देश पर ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है। जिले में करीब 400 किमी नहरों का जाल फैला है। इसके लिए 15 लाख रुपये जारी हुए हैं। 65 से 70 किमी तक सफाई की जाएगी। जिन रजवाहा और माइनर की हालत सबसे अधिक खराब है उन पर ध्यान दिया जा रहा है।