काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को समारोह आयोजित कर किसान ऋण मोचन योजना के तृतीय चरण के लाभार्थी किसानों को ऋणमाफी का प्रमाणपत्र दिया गया। तीसरे चरण में ज्ञानपुर तहसील के 1035 किसानों का छह करोड़ 72 लाख ऋणमाफ किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए काम कर रही है। ऋणमोचन योजना से कर्ज में डूबे किसानों को सहूलियत मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समाज के हर वर्ग का विकास करने के लिए तमाम योजनाओं को लागू किया। जिला पंचायत अध्यक्ष काजल यादव ने भी योजना पर प्रकाश डाला। जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि तीसरे चरण में ज्ञानपुर तहसील के 1035 किसानों का छह करोड़ 72 लाख ऋण माफ हुआ। 500 से अधिक किसानों को प्रमाणपत्र दिया गया। जिन किसानों को प्रमाणपत्र नहीं मिला, उन्हें बैंकों से मिलेगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक, राजितराम यादव समेत कई लोग मौजूद रहे। उधर, कर्जमाफी का प्रमाणपत्र प्राप्त कर किसानों ने राहत महसूस की। जंगीगंज निवासी किसान बलराम दुबे का 99125 रुपये का फसली ऋण माफी का प्रमाणपत्र मिला। उन्होंने भाजपा सरकार की इस योजना की सराहना की। इसी तरह, अन्य किसानों ने भी ऋण माफी योजना को हितकारी बताया।