सुरियावां (भदोही)।
थाना क्षेत्र के वीरभद्र पट्टी पाल बस्ती में शनिवार दोपहर में बूंदाबांदी के बीच बिजली गिरने से इंटरमीडिएट के एक छात्र की मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
वीरभद्र पट्टी गांव निवासी दिलीप कुमार का इकलौता बेटा विनय पाल मकनपुर स्थित स्कूल में इंटरमीडिएट का छात्र था। शनिवार को दोपहर आसमान में छाए बादलों से बूंदाबांदी होने लगी। उसी दौरान विनय घर के पीछे लघुशंका करने के लिए जाने लगा, तभी आकाशीय बिजली उसके शरीर पर गिर गई। वह गंभीर रूप से झुलसकर तड़पने लगा। परिवार के लोग उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अचानक हुए हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। घर का इकलौता बेटा होने से पूरा परिवार सदमे आ गया है। उसके घर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई है। मौके पर एसओ सत्येंद्र यादव मयफोर्स पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। लेखपाल रंजीत सिंह ने पहुंचकर मुआयना किया। ग्राम प्रधान अमरनाथ सिंह ने जिला प्रशासन से परिवार को आर्थिक मुआवजा दिलाने की मांग की।