ज्ञानपुर। जिले के ग्रामीण अंचलों की बदहाल 17 सड़कों की तस्वीर बारिश के बाद बदल जाएगी। तीन करोड़ 70 लाख की लागत से करीब 36 किमी सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा। भदोही सांसद वीरेंद्र सिंह के प्रस्ताव पर प्रदेश सरकार ने हरी झंडी दे दी है। इससे सुरियावां, चौरी, औराई की जर्जर हो चुकी सड़कें चमकनें लगेंगी। इसको लेकर मुख्य अभियंता लोनिवि वाराणसी क्षेत्र पंकज बकाया का पत्र जारी कर दिया गया है।
पिछले दिनों सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कई संपर्क मार्गों के नवीनीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। प्रदेश सरकार ने उक्त सड़कों के नवीनीकरण के लिए हरी झंडी दे दी है। इसमें 27.27 लाख से करियांव बाजार से सिद्धनाथ घाट मार्ग, 19.60 लाख से सुरियावां- कौड़र मार्ग, 17 लाख से हरिहरपुर से साड़ा मार्ग, 41.88 लाख से नेवादा सोसायटी से नई बाजार मार्ग और 26.44 लाख से मतेथू मार्ग की पुलिया से एकौनी होते हुए छनौरा तक शामिल है। इसी तरह 25.89 लाख से चौरी- महराजगंज मार्ग पर बरैला से नरपतपुर, जगदीशपुर से होते हुए बरदहां तक, 17.70 लाख से जोगीपुर त्रिमुहानी से भुआजग होते हुए दरीपुर नहर तक, 16.21 लाख से मानिकपुर पल्हैयां मार्ग पर भकोड़ा से कांतापुर तक, 18.94 लाख से दिघवट उदयकरनपुर होते हुए भैंसहटा मार्ग का मरम्मत होना है। इसी तरह 15.60 लाख से घोसिया नहर से होते हुए चिंतामणिपुर मार्ग, 22 लाख से जीटी रोड से महथुआं होते हुए फौदीपुर तक, 22 लाख से जीटी रोड पांडेय ढाबा से गांधी तक , 39 लाख से जीटी रोड से रामरति बिंद के मकान से सरई राजपुतानी होते हुए चकवां तक, 20 लाख से अमवां- सारीपुर मार्ग से हीराचक डेहरिया होते हुए लालानगर मार्ग तक का नवीनीकरण होना है। जिन सड़कों का नवीनीकरण होगा उस पर करीब पौने चार करोड़ खर्च होगा।