भदोही। कोतवाली अंतर्गत नगर के भीड़ भाड़ वाले अजीमुल्लाह चौराहे पर शुक्रवार को दोपहर खड़ी बाइक की डिग्गी तोड़ कर उचक्कों ने उसमें रखे 1.20 लाख रुपये पर हाथ साफ कर दिया। भुक्तभोगी ने यूपी 100 को सूचना दी तो मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। मौके पर पूछताछ कर पुलिस पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में भी गई और सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की तलाश की, लेकिन फिलहाल कुछ हासिल नहीं हुआ है। पुलिस उपाधीक्षक परमहंस मिश्र ने कहा है कि छानबीन की जा रही है।
नगर के मर्यादपट्टी निवासी बृजेश कुमार सिंह 11.30 बजे अपने खाते से रुपये निकालने के लिए पीएनबी शाखा पहुंचे। वहां 11.45 बजे उन्होंने कैश काउंटर से 1.20 लाख रुपये लिए। उनका कहना है कि वे कैशियर से बड़े नोट मांग रहे थे, लेकिन 10 गड्डी 10 के नोट दे देने से रुपये बाइक की डिग्गी में रखने पड़े। वहां से वे अजिमुल्लाह चौराहे पहुंचे तो सड़क किनारे बाइक खड़ी कर कटरे के अंदर चले गए। उन्होंने बताया कि मुश्किल से पांच मिनट बाद वे अपने मित्र के साथ सड़क पर आए लेकिन बाइक की डिग्गी खुली मिली।
शहर कोतवाल सुनील दत्त दूबे भी मौके पर जांच पड़ताल करने के बाद पीएनबी शाखा पहुंचे और सीसीटीवी कैमरे फुटेज में किसी संदिग्ध की तलाश करने लगे। काफी मशक्कत के बाद कुछ हासिल नहीं हुआ तो कोतवाली आकर भुक्तभोगी का मुकदमा दर्ज किया। इस बाबत पुलिस उपाधीक्षक, परमहंस मिश्र ने बताया कि बैंक से तो रुपये निकले हैं लेकिन घटना के बारे में अभी जांच चल रही है। बताया कि घटनास्थल पर हमेशा भीड़ रहती है। वहां लोगों से पूछताछ के बाद भी घटना का कोई चश्मदीद नहीं मिल सका है।