ज्ञानपुर/गोपीगंज। बृहस्पतिवार को दो कोतवाली क्षेत्रों में हुए संघर्ष में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी गोपीगंज और जिला अस्पताल ज्ञानपुर में भर्ती कराया, जहां सिर में चोट अधिक आने के कारण चिकित्सकों ने सभी को अन्यत्र रेफर कर दिया।
पहली घटना गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरेटीका गांव में उस समय हुई, जब एक पक्ष अश्लील गाने को तेज आवाज में बजा रहा था। विरोध करने पर वर्ग विशेष के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े जिसमें एक पक्ष से बनारसी बिंद (35), सुरेंद्र कुमार (30), रविंद्र कुमार (35) और दूसरे पक्ष से जामुद्दीन उर्फ मंगल को (50) गंभीर चोट आई। इसमें एक पक्ष से बांका चलाने का आरोप भी लगाया गया। दूसरी घटना ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के वीरापट्टी गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई। गांव में किसी जमीन को दोनों पक्ष अपना बताकर कहासुनी कर रहे थे, उसी दौरान मामला बिगड़ जाने से लाठी-डंडे चलने शुरू हो गए और एक पक्ष के सुरेश तिवारी (24), बालमुकुंद तिवारी (44), प्रदीप तिवारी (18) दूसरे पक्ष से विशाल तिवारी (23), देवेंद्र तिवारी (30), राजेंद्र कुमार तिवारी (33), मुरली तिवारी (76) लहूलुहान हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण सभी को अन्यत्र रेफर कर दिया। दोनों मामलों में दी गई तहरीर पर पुलिस कार्रवाई में लगी रही।