-ज्ञानपुर। कालीन नगरी में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। इस क्रम में शुक्रवार को तीन स्वास्थ्यकर्मियों समेत 108 नए मरीज मिले। इसके बाद अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5150 तक पहुंच गई। हालांकि होम आइसोलेशन में रह रहे 70 मरीज कोरोना को मात देकर स्वस्थ भी हुए। जबकि अभी भी जिले में एक्टिव केस की संख्या 1910 है।
दरअसल जिले में तेजी से बढ़ रहा कोरोना संक्रमण थम नहीं रहा है, हालांकि पूर्व के दिनों की अपेक्षा शुक्रवार को मरीजों की संख्या कम रही। सीएचसी भदोही के दो, महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय के मनोचिकित्सक के अलावा गोपीगंज के जगरनाथपुर में सात, सुरियावां के नेतानगर में तीन, भदोही नगर में आठ, घोसिया में छह, औराई में चार, ज्ञानपुर के प्रोफेसर कॉलोनी, पुरानी बाजार और पटेल नगर में छह सहित कुल 108 नए मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक 5150 संक्रमित मिल चुके हैं, जिसमें 3200 से अधिक स्वस्थ हो चुके हैं। 70 संक्रमित स्वस्थ होने से एक्टिव केस की संख्या 1910 बची है।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखकर जरूरी दवाएं दी जा रही है। गंभीर रूप से बीमार को एल-2 अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है।
ज्ञानपुर। कोरोना महामारी के दौर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर रोज जारी होने वाली सूची में झोल दिख रहा है। 21 अप्रैल की सूची में 37 मृतक दिखाए गए और 30 अप्रैल को भी वही आंकड़ा सूची में दर्ज किया गया है जबकि नौ दिन के अंदर करीब 30 से अधिक कोरोना मरीजों की जान जा चुकी है। इसमें छह शिक्षक-शिक्षिकाएं भी शामिल है3।