यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में परीक्षा केंद्रों का निर्धारण सोमवार को फाइनल हो गया। करीब 58 हजार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी परीक्षा में हिस्सा लेंगे। गत वर्ष से पांच साल परीक्षार्थी घट गए लेकिन एक केंद्र बढ़ाया गया है। आपत्ति दाखिल करने के लिए डीआईओएस कार्यालय और वीएनजीआईसी में नोटिस चस्पा कर दी गई है। 23 नवंबर तक आपत्ति दर्ज करने का समय दिया गया है।
स्कूलों में पढ़ने वाले हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को हर साल बोर्ड परीक्षा देनी पड़ती है। कई महीने केंद्र निर्धारण की चल रही तैयारियों को सोमवार को अंतिम रूप दे दिया गया। पिछले दिनों कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की संस्तुति के बाद छात्र-छात्राओं की संख्या के आधार पर सोमवार को केंद्र को अंतिम रूप दिया गया। 104 के बजाए 105 परीक्षा केंद्र को मंजूरी दी गई। केंद्र निर्धारण में एक बार फिर वित्तविहीन स्कूलों का दबदबा दिखा। ज्ञानपुर तहसील में 48, भदोही में 35 और औराई में 22 केंद्र बनाए गए हैं। पिछले वर्ष परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 62 हजार 144 परीक्षार्थी शामिल हुए थे जबकि इस साल हाईस्कूल में 16 हजार 336 छात्र और 15 हजार 160 छात्राओं समेत 31 हजार 498 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट में 13 हजार छात्र और 13 हजार 563 छात्राओं समेत 58 हजार परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। पिछले साल की तुलना में परीक्षार्थियों की संख्या करीब पांच हजार घट गई लेकिन एक केंद्र को बढ़ा दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने कहा कि छात्राओं की संख्या के आधार पर केंद्र बढ़ाया गया है। प्रधानाचार्यों को आपत्ति देने के लिए 23 नवंबर तक समय दिया गया है। वह लिखित और वेबसाइट के माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।