ऊंज। विश्व मजदूर दिवस पर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एनएचएआई प्लांट खरगापुर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें मजदूरों को अपने हक और अधिकार के लिए आगे आने एवं उत्पीड़न पर सेवायोजकों के खिलाफ आवाज उठाने की जानकारी दी गई है। वक्ताओं ने बताया कि श्रम विभाग दंडात्मक कार्रवाई करेगा।
मुख्य अतिथि प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश रघुवर सिंह ने कहा कि मजदूरों को हक और न्याय दिलाने के लिए प्राधिकरण कटिबद्घ है। बशर्ते उनको पहल करनी होगी। उचित मजदूरी, सुविधाओं के साथ-साथ शासन स्तर से प्रदत्त योजनाओं का लाभ मजदूरों को लेना चाहिए। विषम परिस्थितियों में प्राधिकरण और श्रम विभाग मजदूरों के साथ है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रतिमा मौर्या ने कहा कि 1986 में आज ही के दिन अमेरिका के शिकागो शहर में मजदूरों ने हक के लिए बड़ा आंदोलन चलाया था, जिसमें लगभग सौ मजदूर घायल हुए थे। सात श्रमिकों की मौत हो गई थी। उनकी स्मृति में एक मई को मजदूर दिवस मनाया जाता है।1923 में मद्रास में प्रथम मजदूर दिवस मनाया गया। इसी तरह श्रम प्रवर्तन अधिकारी रामनिवास, प्रेमनाथ यादव, मोहनलाल मिश्रा एडवोकेट, जीआर इंफ्रा के सेफ्टी मैनेजर अजय कुमार ओझा ने भी विचार रखे। संचालन कर रहे इंद्रजीत तिवारी ने श्रम विभाग की ओर से मजदूरों के लिए चलाई जा रहीं 17 योजनाओं पर चर्चा की। कार्यक्रम में विकास त्यागी, वीरेंद्र प्रसाद, धर्मराज पटेल, शिवान कटकार आदि उपस्थित रहे।