भदोही। नगर के रजपूरा स्थित सनबीम स्कूल का वार्षिकोत्सव रंगारंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने अपने गीत, संगीत और नृत्य से महफिल सजा दी। सायं 5 बजे से शुरू हुआ कार्यक्रम 4 घंटे तक चला। इस दौरान अतिथियों और अभिभावकों ने न केवल कार्यक्रम का आनंद लिया बल्कि तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन भी किया। वार्षिकोत्सव का शुभारंभ डीएचके एजुसर्व लि. के निदेशक हर्ष मधोक व सनबीम ग्रूप के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी संदीप मुखर्जी ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
अपने संबोधन में हर्ष मधोक ने कहा कि किसी भी छात्र को बालपन से जो संस्कार और सीख मिलेगा वह आगे जाकर उसे काम आएगा। कहा कि सनबीम ऐसा संस्थान है जहां बच्चों को मजबूत आधार प्रदान किया जाता है। लेकिन बच्चों के विकास में उनके मां बाप की भूमिका विद्यालयों से भी अहम होती है। विद्यालय से कुछ सीख कर बच्चे जब घर जाते हैं तो मां बाप उन्हें आत्मसात कराने में सहयोग कर सकते हैं।
वार्षिकोत्सव का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। जिसके बाद लगभग चार घंटे तक नृत्य, संगीत और सुरीले स्वरों से बच्चों ने अतिथियों की खूब वाहवाही लूटी। इस दौरान पापा मेरे पापा, शैडो डांस, जेनरेशन डांस, गजलों से प्रतिभागियों ने मन मोह लिया। वृद्ध मां-बाप की सेवा करने को प्रेरित करती नाटिका के माध्यम से लोगों को इस पर गौर करने को मजबूर किया। प्रिंसिपल रेनू बाला सिंह ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि स्कूल से बच्चे घर जाएं तो अभिभावक बच्चों से यह जानने का प्रयास करें कि वे क्या सीख कर आए हैं। इससे उनमे कुछ हासिल करने की भावना जगेगी। लकी पांडेय, अनन्या, संस्कृति, नासिर, अनुष्का, अजाय, अनामिका, अभिजीत, स्वाति, मंजरी, श्रेया, आख्या, अनुध, आंचल, धन्वी, अंकित, सौम्या, सेजल, कुश, युविका, सोनाली, प्रांशु आदि की प्रस्तुति की सराहना हुई। अतिथि यों का स्वागत निदेशकद्वय ललित और अभिषेक बरनवाल ने किया।