औराई के गिर्दबड़गांव में निर्माणाधीन छात्राओं का हास्टल। संवाद
ज्ञानपुर। औराई ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के छात्रावास का निर्माण पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज परिसर गिर्दबड़गांव में हो रहा है। छात्रावास में मॉडल इंटर कॉलेज की छात्राओं को रहने की सुविधा दी जाएगी। तीन करोड़ 19 लाख की लागत से बनने वाले छात्रावास में कुल 100 छात्राओं के रहने की व्यवस्था की जाएगी।
जिले के छह ब्लॉकों में पांच कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित होते हैं। पांचवीं के बाद पढ़ाई न कर पाने वाली छात्राओं को आवासीय शिक्षा की सुविधा दी जाती है। पांच विद्यालयों में 500 छात्राएं पंजीकृत हैं। ज्ञानपुर, सुरियावां और भदोही ब्लॉक के विद्यालयों को उच्चीकृत किया गया है। इससे यहां अब हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की छात्राओं का प्रवेश शुरू हो गया है। औराई ब्लॉक का कस्तूरबा विद्यालय उपरौठ में स्थित है। यहां छात्राओं को रहने की सुविधा विद्यालय परिसर में ही है। साल 2025 में विद्यालय के लिए हॉस्टल स्वीकृत हुआ लेकिन जमीन के अभाव में उसे गिर्दबड़गांव में बनाया जा रहा है। इससे उक्त छात्रावास में कस्तूरबा के बजाय मॉडल इंटर कॉलेज की छात्राओं को रहने की सुविधा दी जाएगी। जिला समन्वयक बालिका रितेश दीक्षित ने बताया कि बालिकाओं की शिक्षा के लिए सरकार गंभीर है। कस्तूरबा विद्यालयों में तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। तीन विद्यालयों को उच्चीकृत किया जा चुका है। औराई में तीन करोड़ 19 लाख की लागत से छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें छात्राओं के लिए सारी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।