ज्ञानपुर। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को फिर कोरोना के 10 मरीज मिले। इनमें डीघ ब्लॉक क्षेत्र के मवैया थानसिंह गांव की एक ही परिवार की दो महिलाएं भी शामिल हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक मिले संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1778 पहुंच गई है। इनमें 118 सक्रिय मरीज हैं।
अप्रैल माह की 10 तारीख को कोरोना का पहला मरीज सामने आया था। इसके बाद से जिले में मरीजों के मिलने का सिलसिला चल पड़, जो अब तक जारी है। पिछले चार महीने से लगभग प्रतिदिन कोरोना के संक्रमित मरीज मिले हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर कोरोना संक्रमित मरीजों की रिपोर्ट आई तो भदोही जिले के आंकड़े में 10 मरीज और जुड़ गए। इनमें ज्ञानपुर क्षेत्र के चकश्रीदत्त गांव निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग, दुखरनपुर की 24 वर्षीय महिला, पूरे गोसाईंदासपुर निवासी युवक, अभोली की बुजुर्ग महिला, सरायहोला का 13 वर्षीय किशोर, सरायभावसिंह गांव निवासी 16 वर्षीय लड़का और 14 वर्षीय लड़की, अभोली की 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला के अलावा डीघ ब्लॉक के मवैया थानसिंह गांव की एक ही परिवार की दो महिलाएं संक्रमित पाई गईं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को उपचार के लिए जरूरत के मुताबिक होम आइसोलेशन अथवा अस्पताल में भेजने की व्यवस्था शुरू कर दी। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को जरूरी बंदोबस्त करने का निर्देश दिया गया है।
1629 मरीजों ने जीती कोरोना से जंग
ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण ने भले ही समूची दुनिया को हिलाकर रख दिया है, लेकिन समय के साथ इससे स्वस्थ होने वालों की तादाद में भी इजाफा हुआ है। भदोही जिले में अब तक 1629 कोरोना संक्रमित मरीज दृढ़ इच्छाशक्ति के बूते स्वस्थ हो चुके हैं। बुधवार को 11 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। इनमें होम आइसोलेशन में उपचार करा रहे लोग भी शामिल हैं। रिकवरी रेट में सुधार होने से राहत महसूस की जा रही है।