केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने एक बार समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो मुलायम यादव और उत्तरप्रदेश सरकार के खिलाफ आग उगली।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के प्रधानमंत्री पद के दावेदारी को लेकर कहा कि मुलायम यादव के परिवार का कोई भी व्यक्ति केंद्र में कुछ भी प्राप्त नहीं कर पाएगा।
यहां एक वैवाहिक समारोह के दौरान अनौपचारिक बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश सरकार गिर जाएगी। उन्होंने केंद्र में अगली सरकार कांग्रेस की होने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 272 सीटें जीत कर केंद्र में सरकार बनाएगी। प्रदेश में उसे 50 सीटें मिलेंगी।
केंद्र की कांग्रेस सरकार के दो मंत्रियों के इस्तीफे के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला तो पूर्व में ही हो चुका था।
भाजपा को भी उन्होंने आड़े हाथों लिया, कहा कि भाजपा संसद इसलिए नहीं चलने देना चाहती थी कि मामले से पर्दा न हटे, क्योंकि उसकी भी पृष्ठभूमि कहीं न कहीं इसमें है।
बेनी को बर्खास्त करें पीएम: सपा
समाजवादी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के एजेंट है। उन्हें मंत्रिमंडल में बने रहने का कोई हक नहीं है। प्रधानमंत्री को उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करना चाहिए।
चौधरी ने कहा कि बेनी प्रसाद का कोई जनाधार नहीं है। लोकसभा में उनकी वापसी नहीं हो पाएगी। वह खुद विधायक का चुनाव हार गए थे और पिछली बार उनके पुत्र पांचवे नंबर पर रहे थे।
बेनी अब तक क्यों मंत्री हैं, केंद्र सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। बेनी वह अनर्गल बयान देकर चर्चा में रहना चाहते हैं। प्रधानमंत्री को उनके बयानों पर ध्यान देकर कार्रवाई करनी चाहिए।