केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने दागी सांसदों व विधायकों की सदस्यता बचाने के अध्यादेश पर राहुल गांधी के बयान को पार्टी की राय बताया।
उन्होंने कहा कि पार्टी सरकार से ऊपर है। दागियों पर लगाम लगनी भी चाहिए।
इस मुद्दे पर भाजपा द्वारा सरकार से इस्तीफा मांगने के सवाल पर उनका कहना है कि भाजपा तो इस्तीफा मांगने वाली पार्टी बनकर रह गई है। एक दशक का यूपीए कार्यकाल भाजपा ने इस्तीफा मांगते हुए गुजार दिया।
शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश के सांप्रदायिक दंगे मुलायम सिंह यादव एवं भाजपा की मिलीभगत हैं। तत्कालीन सपा शासन में अयोध्या में हुआ नरसंहार मुलायम के इशारे पर हुआ था। अब भी मुजफ्फरनगर दंगा सपा-भाजपा की साजिश का नतीजा है।
उन्होंने कहा कि जनता खासकर मुसलमान मुलायम की साजिश समझ चुका है। अब वह और छलावे में नहीं आएगा। मुसलमान सपा को वोट देने से पहले सौ बार तौबा करेगा।
उन्होंने कहा कि इस शासन में जनता ही नहीं, अधिकारी भी भयभीत हैं। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के प्रश्न पर कहा कि मोदी देश के पूंजीपतियों एवं मीडिया की देन हैं। उनको नकली लाल किले से बोलकर ही अपनी तसल्ली करनी होगी।
राहुल गांधी को अगला प्रधानमंत्री बताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में 50 से अधिक सीटें जीतेगी।