वॉल्टरगंज। थाना क्षेत्र के दड़वा मिश्र गांव के पास स्थित बाग में आम के पेड़ से शनिवार को संदिग्ध हालात में एक युवक का शव लटका मिला। इससे सनसनी फैल गई। शव का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिलते ही गांव वालों की भीड़ जुट गई। युवक की पहचान पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पटखौली निवासी शिव शंकर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीण बाग की तरफ गए थे। इनकी नजर पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। शोर मचाने पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतवाकर शिनाख्त कराने की कोशिश की। इस दौरान पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पटखौली निवासी शिव शंकर (40) के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मां, बहन और पत्नी प्रभावती ने शव की शिनाख्त शिव शंकर के रूप में की।
इसके बाद परिवार वालों में कोहराम मच गया। शिव शंकर के तीन बच्चे हैं। उसकी मौत के बाद से बच्चों के सिर पिता का साया उठ गया। परिवार वाले शिव शंकर के फंदे से लटकने की वजह नहीं बता पा रहे हैं। उनका कहना है कि घर में सबकुछ ठीकठाक चल रहा है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह ने बताया कि शिव शंकर किन परिस्थितियों में तथा यहां कैसे आया सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।