बुआ के घर जा रहे युवक की हादसे में मौत
बस्ती। रामजानकी मार्ग पर कलवारी थाना क्षेत्र के गायघाट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा के पास बेकाबू वाहन की चपेट में साइकिल आ गई। साइकिल सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कलवारी थाने के गाना निवासी महेश गौतम (35) की इसी थाने के सेमरा चीगन निवासी बुआ की लड़की की सोमवार को शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए महेश साइकिल से सेमरा चीगन जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा के पास पहुंचे, तभी कुदरहा की तरफ से आए तेज रफ्तार वाहन ने साइकिल को चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद वाहन चालक भाग निकला। तीन भाइयों में महेश दूसरे नंबर पर थे और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में माता पिता, पत्नी और दो बेटियां आठ साल की नीतू और पांच साल की करिश्मा का रो-रोकर बुरा हाल है।