दुबौलिया। क्षेत्र के उमरिया चौकी अंतर्गत हरिहरपुर गांव के 32 वर्षीय युवक सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के बाहर बिजली के खंभे के पास बेहोशी हालत में मिला था। परिजन द्वारा अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हरिहरपुर गांव निवासी मोतीलाल 32 वर्ष गांव के बाहर बिजली के खंभे के पास सोमवार की देर रात करीब नौ बजे बेहोशी की हालत में मिला था। सूचना पर पहुंचे परिजन युवक को इलाज के लिए लिए सीएचसी कलवारी ले गए। जहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को घर पर ले आए बाद में करंट की चपेट की मौत के अंदेशा होने पर पुलिस को सूचना देकर पोस्टमार्टम के लिए ले गए। मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही पता चलेगा। युवक की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक मोतीलाल की तीन बेटियां हैं। थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।