महादेवा। लालगंज थाना क्षेत्र के महसो (पूरब टोला) में शनिवार को 44 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए जहां पर चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक की बहन ने मौत को संदिग्ध बताते हुए तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार महसो पूरब टोला निवासी बृज किशोर पांडेय पुत्र जनार्दन पांडेय काफी समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहे थे। शनिवार की देर शाम अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्होंने जहर खाने की जानकारी आधे घंटे बाद अपनी भाभी को दी। परिजन तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय बस्ती लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की बहन सन्नो ने डायल 112 पुलिस को सूचना देकर लालगंज थाने में तहरीर दी और भाई की मौत को संदिग्ध बताते हुए पारिवारिक कलह का आरोप लगाया। संवाद