मंगलबाजार निवासी अभिषेक के घर लगी भीड़-संवाद
पुरानी बस्ती। सरयू में सात मई को डूबे बस्ती के तीन युवकों में से दो अभी भी लापता है। चौथे दिन रविवार को एसडीआरएफ की टीम ने पूरे दिन सरयू नदी में सर्च ऑपरेशन जारी रखा। परिजनों के अनुसार तीन से चार किमी दूरी तक सरयू की जलधारा में खूब उथल-पुथल की जा रही है लेकिन, दोनों लापता युवकों का पता नहीं चल पा रहा है। दोनों युवकों के परिजन पूरे दिन अयोध्या में ही मौजूद रहे। एसडीआरएफ टीम कड़ी मशक्कत के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर परिजनों को निराश होना पड़ा।
बता दें कि लापता होने के 46 घंटे बाद शनिवार की सुबह पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के काली मंदिर के निकट के रहने वाले राज गुप्ता (20) का शव लक्ष्मण घाट के पास से ही बरामद हुआ था। जबकि उसके दो अन्य दोस्त मंगल बाजार निवासी अभिषेक (19) और अमित (19) अभी भी लापता हैं। उम्मीद थी कि 24 घंटे में इन दोनों का भी पता चल सकता है। मगर रविवार शाम तक सर्च अभियान जारी रखने के बाद भी दोनों का पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि राज का शव उसी लक्ष्मण घाट के पास बरामद हुआ है जहां तीनों स्नान कर रहे थे।
टीम ने घाट के आसपास नदी में लापता अन्य दोनों युवकों की तलाश की। इसके बाद बस्ती और आंबेडकरनगर सीमा तक सरयू में सर्च अभियान चलाया गया। दोनों युवकों का कुछ पता नहीं चला। एसडीआरएफ की टीम के अनुसार आगे बस्ती और आंबेडकरनगर सीमा में भी लापता दोनों युवकों की तलाश की जाएगी। नदी का बहाव तेज होने के चलते अब लापता युवकों के अयोध्या से आगे बहकर जाने की आशंका जताई जा रही है। अयोध्या प्रशासन का कहना है कि नदी में लापता दोनों युवकों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी रखा जाएगा।
-
बर्थ-डे पार्टी मनाने के बाद गए थे अयोध्या
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मंगल बाजार में बुआ के घर रहे युवक किशन (19) का 6 मई को जन्मदिन था। किशन के साथ उसके दोस्तों ने रात में पार्टी मनाई। अगले दिन 7 मई को सुबह किशन और उसके दोस्त राज गुप्ता (20) पुत्र राजेश गुप्ता निवासी काली मंदिर पुरानी बस्ती, अमित गुप्ता (21) पुत्र राजेश गुप्ता व अभिषेक सोनी (21) पुत्र शंभू सोनी निवासी मंगल बाजार तथा बगल के मेहतर टोला के लकी अंसारी (19) पुत्र गुड्डू अंसारी अयोध्या दर्शन करने निकले थे। सुबह अयोध्या के लक्ष्मण घाट पर सरयू नदी में बैरिकेडिंग पार करके पांचों युवक स्नान करने लगे। इसी बीच नदी का बहाव तेज होने से पांचों डूबने लगे। धारा से टकराकर लकी और किशन ऊंचाई पर आकर गिरे और जल पुलिस की मदद से इन दोनों को बचा लिया गया। जबकि किशन के तीन अन्य दोस्त राज, अमित और अभिषेक नदी में लापता हो गए। 46 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार को राज का शव बरामद हुआ जबकि अमित और अभिषेक अभी भी लापता हैं।
-
घर पर मातम का माहौल, परिजनों ने अयोध्या में डाला डेरा
नदी में लापता मंगल बाजार के अमित और अभिषेक के घर पर मातम का माहौल है। घर पर कुछ महिलाएं और रिश्तेदार ही मौजूद हैं। सभी गमगीन होकर अयोध्या से दोनों के पता चलने की सूचना का इंतजार कर रहे हैं। लापता युवकों के माता-पिता और अन्य करीबी रिश्तेदार अयोध्या में मौजूद है। एसडीआरएफ टीम के सर्च अभियान पर इन परिजनों की निगाह टिकी है। चौथे दिन रविवार को भी टीम को कोई सफलता नहीं मिलने पर अयोध्या से लेकर बस्ती तक दोनों युवकों के परिजनों और रिश्तेदारों में सन्नाटा छाया रहा। फोन की घंटी बजने पर या दरवाजे पर पहुंचने वाले लोगों से परिजन यहीं कहते नजर आए कि अभी कुछ भी पता नहीं चल पाया है। वहीं एक दिन पहले शनिवार को राज का शव उसके घर पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे।