बहादुरपुर। कलवारी थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में शनिवार सुबह घर निर्माण के दौरान करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह पिलर निर्माण के लिए सरिया काटने वाले इलेक्ट्रिक कटर का प्लग बोर्ड में लगा रहा था, तभी करंट की चपेट में आकर अचेत हो गया। परिजन उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाम को परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
सोनबरसा निवासी मोहम्मद साहिल (25) पुत्र स्व. मोहम्मद इस्लाम के घर का निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार सुबह मिस्त्री और मजदूरों के आने पर साहिल सरिया काटने के लिए कटर का प्लग बोर्ड में लगा रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।
मृतक के चाचा शेरू ने बताया कि उनकी नजर साहिल पर पड़ी तो उन्होंने उसका टी-शर्ट पकड़कर उसे बिजली के संपर्क से अलग किया और तत्काल पीएचसी बहादुरपुर पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, साहिल के पिता मोहम्मद इस्लाम का पांच वर्ष पहले कोरोना संक्रमण के दौरान निधन हो गया था। परिवार की जिम्मेदारी साहिल और उसके छोटे भाई मोहम्मद शाहिद पर थी। दोनों मिलकर पेंट की दुकान चलाते थे, जिससे परिवार का भरण-पोषण होता था। परिवार में मां शहनाज और दो बहनें हैं।
चाचा मोहम्मद इंसान ने बताया कि साहिल पिछले 10-15 दिनों से नए घर के नक्शे और निर्माण को लेकर काफी उत्साहित था। वह लगातार घर की डिजाइन पर चर्चा करता रहता था। घर बनाने का उसका सपना पूरा होने से पहले ही यह हादसा हो गया, जिससे पूरा परिवार गहरे सदमे में है।