ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत
हर्रैया (बस्ती)। कस्बे से सटे जिवधरपुर गांव के पास हाईवे पर परशुरामपुर थाने के एक युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के वक्त युवक का साथी लघुशंका करने बाइक से नीचे उतरा था।
परशुरामपुर थानाक्षेत्र के बिछनैया पांडेय गांव निवासी ननकन का 20 वर्षीय पुत्र शहबान कड़सरा गांव के दोस्त मेराज अली के साथ बाइक से लालगंज थानाक्षेत्र के डारीडीहा जा रहे थे। शनिवार सुबह करीब सवा दस बजे हाईवे पर जिवधरपुर गांव के सामने मेराज अली बाइक खड़ी कर सड़क के किनारे लघुशंका करने चला गया। शहबान बाइक पर बैठा हुआ था। अयोध्या की तरफ आ रहे ट्रक की चपेट में आकर वह उछलकर पहिए के नीचे आ गया। दुर्घटना में मौके पर ही शहबान की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी श्रीनिवास सहयोगियों के साथ शव व बाइक थाने पर लाए। परिजनों को सूचना दी। थाने पर पहुंचे पिता ननकन बेटे का शव देखकर फफक पड़े। भाई ने बताया कि शहबान छावनी के एक विद्यालय पर तालीम ले रहा था। आज वह काम की तलाश में दोस्त मेराज अली के साथ घर से डारीडीहा जाने के लिए निकला था।