दो बाइक की टक्कर होने से युवक की मौत
महादेवा (बस्ती)। बस्ती-महुली मार्ग पर लालगंज थाने के पंखोबारी गांव के सामने रविवार की शाम छह बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
संतकबीरनगर नगर जिले के घनघटा थाना क्षेत्र के कोहलवा गांव के निवासी अभिजीत (30) अपने भाई मनीराम (28) के साथ बाइक से महादेवा से वापस घर की तरफ जा रहे थे। पंखोबारी के पास सामने से दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार मनोज अग्रहरि (35) निवासी मेहड़ा, थाना मुंडेरवा की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुंवर ने शव को पोस्टमार्टम के लिए और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा। घायलों को भर्ती कराया गया है।