वॉल्टरगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के सियरापार गांव के पास बुधवार की देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हाे गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजवाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात आठ बजे के करीब श्रीपालपुर ग्राम पंचायत के बड़ी बक्सई निवासी राज चौधरी (22) पुत्र देशराज अपनी बाइक से हरदिया की तरफ जा रहे थे। सिरापार के पास सामने से आ रहे बाइक सवार मोहित पुत्र मंगरु निवासी बड़ी बक्सई की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजवाया।
वहां इलाज के दौरान राज चौधरी की मौत हो गई जबकि मोहित की हालत गंभीर देख उससे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। राज की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां पूनम, पिता देशराज, भाई अमन सहित सभी का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं घायल मोहित के घर पर भी सन्नाटा छाया हुआ है। युवक हेलमेट नहीं लगया था।
इस संबंध में कोतवाल मोतीचंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।