बहादुरपुर। कलवारी थाना क्षेत्र के लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर स्थित अकसड़ा गांव में मामूली विवाद में युवक पर चाकू से हमले का मामला सामने आया है। घायल की मां की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
दर्ज एफआईआर में अमीरूननिशा ने कहा कि उनके जेठ की जमीन को कब्जा करने के उद्देश्य से बगल के इरशाद सफाई कर रहे थे। उनके बेटे मो. आमिर ने मना किया तो वह धमकी देते हुए वहां से चला गया। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे लाठी, चाकू लेकर इरशाद, आमिर खान, रेहान व थाना नगर के मदारपुर निवासी सरफराज आए और गाली देने लगे।
उनके बेटे ने मना किया तो सभी ने उसकी पिटाई कर दी। इसी बीच रेहान ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसकी आंख के पास, रीढ़ की हड्डी के बगल सहित कई जगहों पर लगा है। मो. आमिर घायल हो गया। भीड़ जुटती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते भाग गए।
घायल आमिर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच चौकी प्रभारी बहादुरपुर तेज प्रताप सिंह को सौंपी गई है।