बस्ती। प्रापर्टी डीलिंग में पैसे के लेन-देन में युवक पर जानलेवा हमला का मामला सामने आया है। घटना वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गणेशपुर चौरवा के पास सोमवार की देर शाम हुई। जिसमें एक पक्ष ने स्थानीय युवक अतुल पांडेय मोनू पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलावस्था में उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। पैर में गंभीर चोट बताया गया है।
जानकारी के अनुसार मोनू पांडेय देर शाम अपने किसी कार्य से जा रहे थे। जैसे ही वह वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गणेशपुर चौरवा के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाकर बैठे युवकों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर हथियारों से लैस थे और वारदात को अंजाम देने के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। वाल्टरगंज थाना पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना की वजह पैसे का लेनदेन बताया जा रहा है। युवक व हमलावर साथ में प्रापर्टी डीलर का काम करते रहे हैं।