हरैया। थाना क्षेत्र के महादेवरी गांव में मंगलवार सुबह रास्ते पर उगी घास काटने को लेकर हुए विवाद में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी हर्रैया से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार महादेवरी गांव निवासी गणेशदत्त और सुभाष शुक्ल के बीच रास्ते को लेकर लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा है। मंगलवार सुबह सुभाष शुक्ल का पुत्र आदर्श विवादित रास्ते पर उगी घास की सफाई कर रहा था। इसी दौरान गणेशदत्त, शिवकुमार, दिग्विजय और अनूप वहां पहुंच गए और लाठी-डंडे व फरसे से हमला कर आदर्श को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद परिजन घायल को लेकर सीएचसी हर्रैया ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरी ओर गणेशदत्त ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि विवादित भूमि का मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है और बुधवार को अमीन की पैमाइश प्रस्तावित थी। उनका कहना है कि भूमि का स्वरूप बदलने से रोकने पर आदर्श पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला किया, जिसमें आदर्श स्वयं घायल हो गया।
प्रभारी निरीक्षक एसके सिंह ने बताया कि सुभाष की तहरीर पर नामजद आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। संवाद