गौर। थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध बलुआ समय माता मंदिर पर के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने नई बाइक छोड़कर भागने वाले गोंडा के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ट्रेन के इंजन में बाइक फंस कर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की वजह से ट्रेन नौ मिनट तक खड़ी रह गई थी। आरपीएफ बस्ती ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर बुधवार को गोरखपुर न्यायालय में पेश किया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे के टिनिच-गोविंद रेलवे स्टेशन की बीच गौर थाना क्षेत्र के बलुआ समय माता मंदिर पर मंगलवार को सुबह 10:25 बजे एक युवक नई बाइक का पूजन कराने के लिए मंदिर पर आया था, पूजन कराने के बाद वह रेलवे क्रॉसिंग के रास्ते न जाकर मंदिर के सामने मोटरसाइकिल लेकर डबल रेलवे लाइन पार करने लगा। तभी डाउन रेलवे ट्रैक पर गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। ट्रेन को देख युवक ने अपने आप को बचने के लिए रेलवे ट्रैक पर बाइक छोड़ भाग निकला। लेकिन ट्रेन की चपेट में आने से बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के चलते ट्रेन करीब 9 मिनट तक खड़ी रही। मंदिर पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी ने तत्काल रेलवे ट्रैक से मोटरसाइकिल को हटाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कराया। रेलवे कंट्रोल लखनऊ की सूचना पर आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक राशिद बेग मिर्जा, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार पाठक, कांस्टेबल शमशाद मंसूरी व जीआरपी प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां कुछ लोग मौजूद थे, तभी एक व्यक्ति ने हादसे के बारे में जानकारी देते हुए क्षतिग्रस्त बाइक को अपना बताया।
प्रभारी निरीक्षक राशिद बेग मिर्जा ने बताया कि युवक की पहचान गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र के ग्राम चांदपुर गांव के जगदंबा प्रसाद के रूप में हुई है। उसे तत्काल गिरफ्तार कर रेलवे अधिनियम की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।