संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। होली करीब आते ही रंग-पिचकारी ही नहीं, कपड़े के बाजार भी गुलजार हो गए हैं। बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है। महिला-पुरुष और बच्चों के परिधान के नए स्टाक से दुकानें सजी नजर आ रही हैं। दुकानों पर खरीदारों की भीड़ है।
महिलाएं सूट, साड़ियों की खरीदारी में व्यस्त नजर आईं। किसी को हीरामनी (कुर्ती-प्लाजो) तो किसी को प्रिंटेड साड़ियां भा रही हैं। बच्चों के बाबा सूट और डगरी की बिक्री खूब हो रही है। युवा पैट शर्ट, जीन्स, टी-शर्ट की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार देखकर महंगाई का असर नजर नहीं आया।
होली में सिर्फ चार दिन शेष है। रमजान माह चल रहा है। पर्वों को लेकर लोगों में उत्साह है। घरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। रंग-गुलाल, पिचकारी और पकवान की ही नहीं, लोग रंगोत्सव पर परिधान की तैयारियों में भी जुटे हैं। गांधीनगर, पांडेय बाजार, मंगल बाजार समेत शहर और ग्रामीण क्षेत्र के बाजार गुलजार हैं। रविवार को गांधीनगर स्थित कपड़े की दुकानों पर चहल-पहल दिखी। सूट, साड़ियों और रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर बच्चों के साथ पहुंच महिला-पुरुष परिधानों की खरीदारी करते नजर आए।
दुकानदार भी नए स्टाइलिस परिधानों के पूरे स्टाक दुकान में सजा रखे हैं। रेडीमेड कपड़ों के व्यवसायी आदर्श कसौधन का कहना है कि पिछले वर्ष के मुकाबले कपड़े के भाव 10 से 20 फीसदी बढ़े हैं। इस बार सहालग का सीजन ठीक रहा है। रमजान और होली साथ में पड़ा है तो उम्मीद है कि अच्छा व्यवसाय होगा।
गांधीनगर के रेडीमेड कपड़े के व्यवसायी आदर्श गुप्ता के मुताबिक, महिलाएं ज्यादातर हीरामड़ी (कुर्ती-प्लाजों) पसंद कर रही हैं। इसकी शुरुआती कीमत 1000 रुपये है।