नगर बाजार। नगर थाना क्षेत्र में बस्ती-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित फुटहिया पुलिस चौकी के पास रविवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि युवक ढाबे से खाना खाकर पैदल सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार बलरामपुर जनपद के कोड़री थाना नलिया निवासी जगदीश 32 वर्ष किसी काम से बस्ती आए हुए थे। रविवार की देर रात फुटहिया चौकी के पास एक ढाबे पर खाना खाने के बाद जैसे ही वह दूसरी लेन में जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फुटहिया चौकी प्रभारी आनंद सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।