हर्रैया। थाना परिसर हर्रैया में रविवार को योग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, तनावमुक्त और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए योगाभ्यास कराया गया। जिसमें आसन, प्राणायाम, ताड़ासन, वृक्षासन, अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसे मुद्रा एवं आहार संबंधी जानकारी दी गई।
योगाचार्य आदित्य नारायण ने बताया कि योग स्वस्थ जीवन शैली तथा बेहतर जीवन जीने में सहायक है। योग के अंतर्गत शरीर के विभिन्न भागों को एक साथ लाकर मस्तिष्क और आत्मा को संतुलित करने का कार्य किया जाता है। योग बीमारी ही नहीं ठीक करता बल्कि, यादाश्त, अवसाद, चिंता, मोटापा, मनोविकारों को भी दूर भगाता है। आसन, प्राणायम, मुद्रा से लाभ प्राप्त करने के लिए सुरक्षित और नियमित अभ्यास की आवश्यकता है। पुलिसकर्मियों को दिनभर भाग दौड़ भरी जिंदगी में नियमित योग अपने जीवन शैली में शामिल करें। प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने कहा कि योग शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ता है और मानसिक तनाव को दूर करता है। योग आसन शरीर, मन और आत्मा को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। शरीर और मन को शांत करने के लिए यह शारीरिक और मानसिक अनुशासन का एक संतुलन बनाता है। योग तनाव और चिंता का प्रबंधन करने में भी सहायक है। इस दौरान निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह, कांस्टेबल संजय यादव, पंकज यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।