पुरानी बस्ती। बरदहिया स्टेशन मार्ग स्थित राइस मिल में मंगलवार को काम करने के दौरान 60 वर्षीय मजदूर विद्युत करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में साथी मजदूर उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, इसलिए शव को घर ले गए। बाद में मूड़घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के बड़ेरिया खुर्द गांव निवासी रामस्वरूप रोज की तरह मंगलवार को राजकुमार गुप्ता उर्फ लाला की राइस मिल में मजदूरी करने गए थे। काम के दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आकर झुलस गए। साथियों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
रामस्वरूप तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और अविवाहित थे। वह अपने भाइयों के परिवार के साथ रहते थे। उनके भाई हिरण और बीपत दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। घर पर मौजूद भतीजों ने मूड़घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया।