हर्रैया। छावनी थाना क्षेत्र के चौकड़ी गांव में मंगलवार दोपहर बिजली का तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
चौकड़ी गांव निवासी माता प्रसाद वर्मा (60) पुत्र भवानीभीख के घर की बिजली आपूर्ति ठप थी। इसे बहाल करने के लिए वह घर के पास स्थित बगीचे में गए। बगीचे में पानी भरा था और वहीं से बिजली की लाइन गुजर रही थी। बताया गया कि माता प्रसाद ने बिजली निगम को सूचना देने के बजाय टूटे तार को खुद जोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।