शहीद सत्यवान सिंह प्रैक्टिस करती महिला हैंडबॉल संवाद
बस्ती। अयोध्या में आयोजित प्रदेश स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में हार के बाद बस्ती मंडल की महिला खिलाड़ी फिर से अभ्यास में जुट गई हैं। शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में कोच विकास सोनकर के निर्देशन में सीनियर और जूनियर खिलाड़ियों का नियमित प्रशिक्षण शुरू हो गया है। खिलाड़ियों का लक्ष्य आगामी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करना है।
अयोध्या मंडल में 27 से 29 जुलाई तक आयोजित प्रदेश स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में बस्ती मंडल की टीम ने शुरुआती मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन क्वार्टर फाइनल में हार के साथ उसका सफर समाप्त हो गया। इसी दौरान आयोजित प्रदेश स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भी मंडल की टीम क्वार्टर फाइनल तक ही पहुंच सकी।
प्रतियोगिता से लौटने के बाद बृहस्पतिवार से खिलाड़ियों ने फिर अभ्यास शुरू कर दिया है। कोच विकास सोनकर खिलाड़ियों की तकनीकी और फिटनेस पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि पिछली हार से सीख लेकर वे अगली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी मेहनत कर रही हैं।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों का नियमित और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण शुरू करा दिया गया है। संभावना है कि इस बार बस्ती मंडल को राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी भी मिल सकती है। इसे देखते हुए तैयारियों को और तेज कर दिया गया है।
-
फुटबॉल टीम मऊ रवाना
राज्यस्तरीय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बस्ती मंडल की 16 सदस्यीय टीम गुरुवार शाम मऊ के लिए रवाना हो गई। जिला खेल कार्यालय, मऊ के तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता एक से आठ अगस्त तक चलेगी। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि टीम पूरी तैयारी के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।