संदिग्ध परिस्थिति में फंदे पर लटका मिला महिला का शव
कुदरहा (महराजगंज)। लालगंज थाना अंतर्गत कुदरहा गांव में 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका पाया गया। इस खबर से गांव में अफरा तफरी हो गई। सूचना पर थानाध्यक्ष लालगंज, चौकी इंचार्ज कुदरहा सहित फारेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर परिवार के लोगों से पूछताछ की।
मंगलवार रात कुदरहा गांव निवासी रिजवाना खातून (27) पत्नी नौशाद अपने तीन बच्चों के साथ एक कमरे में सो रही थी। परिवार वालों का कहना है कि पति और बच्चों के सो जाने के बाद रिजवाना ने छत की कुंडी में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा लिया। दो बजे रात को जब नौशाद की नींद खुली तो वह पत्नी को फांसी पर लटकता देख दंग रह गया। वह घबराहट में जोर-जोर से रोने लगा। रोने की आवाज सुनकर बच्चे जाग गए और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। आनन-फानन में लोगों ने दुपट्टा काटकर शव को नीचे उतार लिया।
सूचना पर थानाध्यक्ष लालगंज उमाशंकर त्रिपाठी चौकी इंचार्ज कुदरहा दिनेश चंद्र मिश्रा मय टीम घटनास्थल पहुंचे और फॉरेंसिक टीम के साथ कमरे की जांच पड़ताल कर पति नौशाद से घटना के बारे में पूछताछ किया। नौशाद ने बताया कि मंगलवार दिन में गेहूं की मड़ाई के लिए बोरा इकट्ठा करने को लेकर आपस में कुछ कहासुनी हुई थी जिससे नाराज होकर रात में सो जाने के बाद रिजवाना ने फांसी लगा ली। दोनों के तीन बच्चे हैं, जिनमें समीर अहमद नौ वर्ष, अल्फिया सात वर्ष, अस्फिया चार वर्ष की है। इस घटना से बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।